छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट, पत्रकार–पुलिस समन्वय को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – नारायणपुर ब्यूरो । नारायणपुर जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (आईपीएस) से गुरुवार को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कानून-व्यवस्था, जनसरोकार और सकारात्मक पत्रकारिता को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान पत्रकारों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शी संवाद तथा समाजहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श हुआ। पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया दोनों का उद्देश्य समाज में विश्वास एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना है।
2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं संदीप कुमार पटेल
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल वर्ष 2020 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे बिलासपुर में सिटी एसपी, भानुप्रतापपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में कमांडेंट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। प्रशासनिक दक्षता और मैदानी कार्यशैली के लिए उन्हें जाना जाता है।
पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक- डॉ.बेनर्जी
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के संभाग अध्यक्ष डॉ. अभिषेक बेनर्जी ने कहा कि “नारायणपुर जैसे संवेदनशील जिले में पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। हमें विश्वास है कि पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था और जनविश्वास और अधिक मजबूत होगा। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है तथा सकारात्मक संवाद से समाजहित के कार्यों को नई गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन हर रचनात्मक पहल में पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।”


