खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। जिले के दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास और स्थानीय नागरिकों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 38वीं वाहिनी ने लगभग 250 फीट लंबा, 5 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊंचा यह फुट ब्रिज स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त श्रमदान, सहयोग एवं स्थानीय संसाधनों के उपयोग से तैयार किया गया है। वर्षा ऋतु में उफनते जाटलूर नाला को पार करने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए यह पुल स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सुरक्षाबलों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करेगा। केंद्रीय सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक अजय पाल सिंह ने आज गुरूवार काे जाटलूर क्षेत्र में नव-निर्मित लकड़ी के फुट ब्रिज का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी द्वारा संचालित सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को साइकिलों का वितरण भी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुल निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं जवानों को महानिरीक्षक अजय पाल सिंह ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि नव-निर्मित पुल का नाम शहीद अमोल माधव राव महस्के की स्मृति में रखा जाएगा। शहीद महस्के ने पिछले वर्ष नवंबर में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। महानिरीक्षक ने कहा कि यह निर्णय उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ-साथ आईटीबीपी के जवानों को प्रेरित करने के उद्देश्य से लिया गया है। समारोह के समापन पर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया तथा सामूहिक मध्याह्न भोज का आयोजन भी किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितैषी पहल के लिए आईटीबीपी का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास, जनसुविधा और सुरक्षा बलों तथा आम जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
लोकार्पण समारोह में राजीव गुप्ता (कमांडेंट, 45वीं वाहिनी), अभिषेक सूद (कमांडेंट, 29वीं वाहिनी), अशोक कुमार सिंह (द्वितीय कमान, 38वीं वाहिनी), संजय कुमार (द्वितीय कमान, 53वीं वाहिनी) सहित केंद्रीय सीमांत मुख्यालय एवं 38वीं वाहिनी के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक तथा छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी की।
Trending
- नक्सल प्रभावित रहे सुकमा से खेल प्रतिभा की नई उड़ान
- सीएम हेल्पलाइन 1076 से हिमाद्री निराला को मिला उज्ज्वला गैस कनेक्शन
- सीएम हेल्पलाइन का असर: तीन माह से बंद सोलर पेयजल संयंत्र फिर हुआ चालू
- 32 पेटी में अवैध अग्रेजी शराब के साथ कार सवार दाे आराेपित गिरफ्तार
- ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर की जिंदा जलाने की कोशिश, 6 आरोपी गिरफ्तार
- सिम्स बिलासपुर में डॉक्टरों का कमाल: 6 साल के मासूम की अन्ननली से निकाला सिक्का, टीम वर्क ने बचाई जान
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सेवा सेतु से बदली हजारों लोगों की जिंदगी
- आईटीबीपी द्वारा जाटलूर नाला पर बनाये गये 250 फीट लंबे फुट ब्रिज हुआ लाेकार्पण


