शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित मार्शल आर्ट प्रशिक्षक भानु प्रताप साहू सिखा रहे सेल्फ डिफेंस, आत्मविश्वास और अनुशासन के पाठ
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बेमेतरा द्वारा भारत सरकार की “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत जिले की किशोरी बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 20 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
बेमेतरा और नवागढ़ में चल रहा 20 दिवसीय प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का आयोजन परियोजना बेमेतरा एवं नवागढ़ के अंतर्गत पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय, नवागढ़ तथा शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, बेमेतरा में किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर आत्मरक्षा के आधुनिक एवं प्रभावी गुर सीख रही हैं।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित प्रशिक्षक दे रहे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का संचालन शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित एवं द वॉर क्राई मार्शल आर्ट्स एंड सेल्फ डिफेंस एकेडमी, बेमेतरा के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर भानु प्रताप साहू द्वारा किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में बालिकाओं को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे किसी भी आपात अथवा विषम परिस्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
कराटे, किक बॉक्सिंग, वुशू सहित कई तकनीकों का दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को किक बॉक्सिंग, कराटे, वुशू, सेल्फ डिफेंस तकनीक, पंच, किक, ब्लॉक, काता, शारीरिक व्यायाम एवं फिटनेस का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जा रहा है कि किसी भी अनहोनी या संकट की स्थिति में बिना किसी हथियार के किस प्रकार सूझबूझ एवं आत्मविश्वास के साथ स्वयं की सुरक्षा की जा सकती है।
आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास पर भी जोर
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल आत्मरक्षा की तकनीक सिखाना ही नहीं, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच, सामाजिक व्यवहार, मानसिक दृढ़ता एवं शारीरिक फिटनेस का विकास करना भी है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को मोबाइल की बढ़ती लत से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे बालिकाएं न केवल स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बन रही हैं, बल्कि उनमें आत्मसम्मान, साहस और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि प्रत्येक बालिका आत्मविश्वास के साथ शिक्षा ग्रहण करे और जीवन की हर चुनौती का दृढ़ता से सामना कर सके।


