खबर वर्ल्ड न्यूज-पिथौरा। समीपस्थ बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य के अंतर्गत विस्थापित रामपुर क्षेत्र में मंगलवार रात तीन चीतलों (हिरण) की मौत का मामला सामने आया है। वन विभाग के अनुसार, प्राथमिक दृष्टि में दो नर चीतलों की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई है, जबकि एक अन्य चीतल की मौत के पीछे शिकार या वन्यजीवों के हमले की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारनवापारा के रामपुर चारागाह (कक्ष क्रमांक-127) में सोमवार और मंगलवार को तीन चीतल मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही अभ्यारण्य अधीक्षक सहित वन विभाग का दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। अभ्यारण्य अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने तीन चीतलों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण और शवों पर मिले चोट के निशानों से यह स्पष्ट है कि दो नर चीतलों की मौत आपसी लड़ाई के कारण हुई है। दोनों के सींग आपस में बुरी तरह उलझ गए थे। संघर्ष के दौरान एक चीतल का सींग दूसरे की गर्दन में फंसा हुआ मिला। इस आपसी टक्कर में दोनों के गले की हड्डी टूट गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
उसी क्षेत्र में एक तीसरा चीतल भी मृत पाया गया, जिसकी मौत को लेकर विभाग गंभीर है। वन अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह किसी शिकारी की करतूत है या आवारा कुत्तों के हमले के कारण चीतल की जान गई है। अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पंचनामा और पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नियमानुसार तीनों मृत चितलों का दाह संस्कार कर दिया गया है।
Trending
- श्रम मंत्री की बैठक में बड़ा फैसला- असंगठित श्रमिकों के लिए बनेंगी नई योजनाएं
- रायपुर प्रेस क्लब बनेगा हाईटेक : ₹1 करोड़ के बजट से बदलेगी सूरत: क्या-क्या होगा खास?
- सहायक कोषालय अधिकारी सिद्धार्थ वर्मा को भावभीनी विदाई, नए सहायक कोषालय अधिकारी पुष्पेंद्र चंद्रा का गर्मजोशी से स्वागत
- जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर में सोशल मीडिया एवं आईटी सेल की जिला स्तरीय बैठक संपन्न
- सुशासन का असर: छत्तीसगढ़ में ‘CM हेल्पलाइन 1076’ बना वरदान, मुंगेली के किसान को महज 4 घंटे में मिला खरीफ बीज
- सेवा-सेतु केंद्र से आसान हुई सरकारी सेवाएं- मनीष निर्मलकर का बना जाति एवं निवास प्रमाण पत्र
- मुंगेली: 12 जुलाई को कड़े पहरे में होगी सब-इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा, मेटल डिटेक्टर से गुजरेंगे 1,096 अभ्यर्थी
- छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती ने पकड़ी रफ्तार: 20 लाख हेक्टेयर से अधिक में बोनी पूरी, लक्ष्य का 41% हासिल


