सुभाष वार्ड क्रमांक 03 और महामाई वार्ड क्रमांक 04 में बोर खनन से दूर होगी पेयजल समस्या, वार्डवासियों में खुशी की लहर
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। नगर के सुभाष वार्ड क्रमांक 03 एवं महामाई वार्ड क्रमांक 04 में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या के समाधान के लिए स्थानीय पार्षदों द्वारा किया गया प्रयास अब जनचर्चा का विषय बन गया है। भीषण गर्मी, लगातार गिरते भू-जल स्तर और पानी की बढ़ती किल्लत से परेशान वार्डवासियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से सक्रिय पार्षद असलम खान एवं वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव ने अपने-अपने पार्षद निधि से नवीन बोर खनन कार्य कराया है।
इस पहल से दोनों वार्डों के निवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है तथा लोग इसे जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण बता रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से नगर के कई हिस्सों की तरह सुभाष वार्ड और महामाई वार्ड में भी पेयजल संकट गहराने लगा था। जलस्तर नीचे जाने के कारण कई स्थानों पर पानी की उपलब्धता प्रभावित हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को दैनिक जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वार्डवासियों द्वारा लगातार जनप्रतिनिधियों के समक्ष समस्या रखी जा रही थी। लोगों की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को समझते हुए दोनों पार्षदों ने राजनीति से ऊपर उठकर वार्ड हित में एकजुट होकर कार्य करने का निर्णय लिया और बोर खनन की पहल को मूर्त रूप दिया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अक्सर राजनीतिक मतभेदों के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं, लेकिन इस मामले में दोनों पार्षदों ने यह साबित कर दिया कि जब बात जनता की मूलभूत सुविधाओं और विकास की हो तो विचारधाराएं पीछे छूट जाती हैं और जनहित सर्वोपरि हो जाता है। यही कारण है कि दोनों वार्डों में इस कार्य की व्यापक सराहना हो रही है।
इस अवसर पर पार्षदों ने कहा कि विकास किसी एक दल या व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे समाज का विषय है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े होने के बावजूद जब वार्ड और जनता के हित की बात आती है तो सभी मतभेद समाप्त हो जाते हैं। उनका मानना है कि जनता ने उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए चुना है और जनप्रतिनिधियों का प्रथम दायित्व लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करना है। पार्षद असलम खान ने कहा कि वार्डवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में पानी की समस्या लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है और इस समस्या को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। वहीं वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीतिक भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। जब जनता की समस्या सामने आती है तो सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर उसका समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सुभाष वार्ड और महामाई वार्ड में बोर खनन का कार्य इसी सोच का परिणाम है। दोनों पार्षदों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन बोर से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए इसी प्रकार समन्वय और सहयोग के साथ कार्य किया जाएगा।
नवीन बोर खनन कार्य के दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर के साक्षी बने वार्ड अध्यक्ष सूरज सोनी, महामंत्री मन्नू लाल श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद सरस्वती सोनी, अध्यक्ष रोहित शुक्ला, अनिल जोगी, दशरथ सोनी, हरिकिशन सोनी, सीरिया यादव, अशोक यादव, लक्ष्मी सोनी, दीपक सोनी, अर्जुन सोनी, राहुल सोनी, अश्वनी ठाकुर, बट्टू सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वार्डवासियों ने दोनों पार्षदों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह जनता की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए मिल-जुलकर कार्य करें तो क्षेत्र का विकास और अधिक तेज गति से होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह पहल नगर के अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और जनहित के कार्यों में राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने दिया।


