खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। राजधानी रायपुर में कम कीमत पर सोना खरीदने के लालच में एक कारोबारी ठगी का शिकार हो गया। आरोपियों ने खुदाई में मिला 2 किलो सोने का हार बताकर कारोबारी को झांसे में लिया और 10 लाख रुपये लेकर नकली हार थमा दिया। मामले में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई के गुरुनानक नगर निवासी धवल बडोदरिया सैनेटरी व्यवसाय करते हैं। उनकी मुलाकात दोस्त नमन अग्रवाल के माध्यम से राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने दावा किया कि उसे खुदाई के दौरान पीतल के लोटे में करीब दो किलो वजनी सोने का हार मिला है। उसने हार का एक छोटा टुकड़ा तोड़कर धवल और उनके मित्र को दिया, जिसकी जांच कराने पर वह असली सोना निकला। इससे प्रभावित होकर धवल और उनके मित्र ने हार खरीदने की इच्छा जताई। 22 जून को राजेश प्रजापति और उसकी मां से रायपुरा चौक के पास मिले। उस दौरान भी आरोपितों ने हार का एक और टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो सोना निकला। इससे कारोबारी का विश्वास और बढ़ गया।
अगले दिन 23 जून को दोनों पक्षों की फिर मुलाकात हुई। आरोपिताें ने रायपुरा क्षेत्र में कारोबारी से सौदा तय किया और दोपहर करीब 12 बजे कार में ही 10 लाख रुपये नकद लेकर कथित दो किलो वजनी सोने का हार सौंप दिया। इसके बाद मां-बेटे को डीडी नगर थाना क्षेत्र के पास उतार दिया गया, जहां से वे ई-रिक्शा में बैठकर चले गए। हार खरीदने के बाद कारोबारी धवल ने उसका एक टुकड़ा तोड़कर अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में जांच कराई। किसी ने हार को असली बताया तो किसी ने नकली होने की आशंका जताई। संदेह होने पर वह भिलाई स्थित अपने परिचित ज्वेलर के पास पहुंचे, जहां परीक्षण में हार नकली निकला। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Trending
- भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित: छत्तीसगढ़ के विधायक ललित चंद्राकर बने राष्ट्रीय महामंत्री
- किराना दुकान से आत्मनिर्भर बनीं पूनम देवी
- चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, फसल क्षति का सर्वे करने खेतों तक पहुंचा प्रशासन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों को गरीबी से मिली मुक्ति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- धान खरीदी 2026-27: किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर शासन का फोकस, रकबा सुधार और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में तेज़ी
- दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री साय: बोले- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से छत्तीसगढ़ की लोक कला को मिल रही वैश्विक पहचान
- उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
- चिल्फी अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई: बिहार के कैमूर से लाया जा रहा 301 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज


