खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुमारी देवी चौबे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, साजा में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ललित कुमार रामटेके की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर मानव स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित योग प्रशिक्षक श्री वोकेश साहू ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, शशांकासन सहित अनेक महत्वपूर्ण योगासनों का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय भी बताए।
योग सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। प्रशिक्षक के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करते हुए योग के महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता को समझा। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, तनावमुक्त जीवन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. गोविंद प्रसाद कन्नौजे, डॉ. निर्झरनी नंदेहा, डॉ. स्वर्णलता बारा, डॉ. ओम कुमार नेताम, डॉ. श्रुति वर्मा एवं डॉ. ज्योति बाला सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नियमित योग, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, तनावमुक्त, नशा मुक्ति एवं सकारात्मक जीवन के निर्माण हेतु नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. गोविंद प्रसाद कन्नौजे द्वारा किया गया। उन्होंने योग प्रशिक्षक, अतिथियों, प्राध्यापकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला एक सफल एवं स्मरणीय आयोजन सिद्ध हुआ।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ने राजनांदगांव में 510 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 333 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
- गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के जैविक विष्णुभोग चावल की खुशबू पहुंची राजधानी रायपुर
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने बदली दुर्गेश यादव के खेती की तस्वीर
- संकटग्रस्त राजकीय पशु ‘वन भैंसा’ के लिए सुरक्षा कवच बना ‘वन भैंसा मित्र’
- जल जीवन मिशन ने बदली ग्राम लोहड़िया की तस्वीर
- महतारी वंदन योजना बनी सहारा- अनिता चतुर्वेदी को थायराइड के इलाज में मिल रही आर्थिक राहत
- इंद्रावती प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने किया पदभार ग्रहण
- बेमेतरा में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बड़ी पहल: कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के जनदर्शन में पहुंचे 80 मामले, ऑन-द-स्पॉट निराकरण से जनता को मिली राहत


