KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर महिला ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर सास-बहू को अपने जाल में फंसाया और उन्हें बेहोश कर चार लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना 2 जून को धरमनगर इलाके में हुई। पीड़िता कमला साहू ने माना थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कमला साहू ने बताया कि वह एक स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य करती हैं। घटना के दिन सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बहू गरिमा साहू के साथ घर पर मौजूद थीं।
इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची और बर्तन लेने की बात करते हुए बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान उसने खुद को किसी सरकारी योजना से जुड़ा बताया और कहा कि पुराने सोने के गहनों की फोटो खींचकर भेजने पर शासन की ओर से चार लाख रुपये की सहायता राशि मिल सकती है।
महिला की बातों पर विश्वास कर कमला साहू और उनकी बहू ने घर में रखे सोने के जेवर निकालकर उसके सामने रख दिए, ताकि उनकी तस्वीरें ली जा सकें। इसी बीच गरिमा का छोटा बच्चा रोने लगा और वह उसे चुप कराने लगी। कमला साहू का भी ध्यान कुछ देर के लिए भटक गया।
पुलिस का कहना है कि इसी मौके का फायदा उठाकर शातिर महिला ने दोनों सास-बहू को किसी नशीले पदार्थ का प्रभाव देकर बेहोश कर दिया। दोनों के अचेत होने के बाद वह घर में रखे सोने के जेवर समेटकर फरार हो गई।
करीब आधे घंटे बाद जब दोनों महिलाओं को होश आया तो घर में रखे सभी सोने के गहने गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
माना थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर कीमती सामान न दिखाएं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें।


