खबर वर्ल्ड न्यूज-पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में हुए ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। दिनदहाड़े हुई हत्या और लूट की इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। बाजार में मौजूद लोगों के सामने हुई फायरिंग के बाद हमलावर सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। शुरुआती जांच में मामला बेहद उलझा हुआ नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर नेटवर्क और लगातार की गई जांच के दम पर इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें खोल दीं।
जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के बिटकुला गांव का रहने वाला खुशीराम साहू है। पुलिस के मुताबिक खुशीराम लंबे समय से कोटमीकला के साप्ताहिक बाजार में आने वाले सराफा कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसने यह जानकारी जुटा ली थी कि किस दिन कौन व्यापारी कितने गहने लेकर बाजार आता है और उसके पास सुरक्षा के क्या इंतजाम रहते हैं।
पुलिस के अनुसार खुशीराम ने अपने भतीजे राजाराम साहू की मदद से पूरी रेकी कराई। इसके बाद उसने बिहार और झारखंड में सक्रिय अपने परिचित अपराधियों से संपर्क साधा। वारदात को अंजाम देने के लिए राहुल नामक आरोपी के जरिए पेशेवर शूटर बुलाए गए। योजना के तहत राहुल अपने साथियों संजय और राजू के साथ छत्तीसगढ़ पहुंचा और पूरी साजिश को अमलीजामा पहनाया गया। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही हमला कर दिया। फायरिंग में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की मौत हो गई, जबकि आरोपी सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
हत्या और लूट के बाद सभी आरोपी ग्राम देवरीखुर्द (देवरीकला) पहुंचे, जहां गया प्रसाद रजक के घर में लूटे गए गहनों का बंटवारा किया गया। पुलिस को जब इस संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले तो टीम ने लगातार दबिश देकर साजिश के मुख्य किरदारों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि इस हत्याकांड को सीधे अंजाम देने वाले तीनों शूटर राहुल, संजय और राजू अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष टीमें बिहार और अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आईजी ने कहा कि यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था, क्योंकि घटना के बाद आरोपी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले थे और शुरुआती स्तर पर बहुत कम सुराग मिले थे। इसके बावजूद मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की संयुक्त पुलिस टीम ने दिन-रात मेहनत कर मामले को सुलझाया।
उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड वर्क के कारण इस अंधे कत्ल और लूट की गुत्थी सुलझाई जा सकी। इस खुलासे के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं कारोबारी वर्ग अब फरार शूटरों की जल्द गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क के पर्दाफाश की मांग कर रहा है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे भी हो सकते हैं।
Trending
- नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
- जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनुपम झलक
- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी राष्ट्रीय कार्यशाला, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी नीति, फसल रकबा और मतदाता सूची के मुद्दों पर सरकार को घेरा
- पूल क्लब की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 3.69 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
- प्रधानमंत्री आवास योजना से रामकुमार कश्यप के परिवार को मिला पक्का आशियाना
- सेवा सेतु पोर्टल से रवि कुमार साहू को 10 दिनों में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- गम्हरिया धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से अन्नदाता संतुष्ट, ₹3,100 प्रति क्विंटल दर और ₹13,839 आदान सहायता ने बढ़ाया भरोसा


