प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ वर्षों पुराना सपना
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित “सुशासन तिहार” अब आमजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखंड के ग्राम कारीडोंगरी में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम दरवाजा निवासी भगवती गंधर्व को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित पक्के मकान की चाबी प्रदान की गई। इससे उनका वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। वर्षों से कच्चे घर में कठिन परिस्थितियों के बीच जीवन यापन कर रही भगवती गंधर्व के लिए यह पल बेहद भावुक और यादगार बन गया। सीमित संसाधनों और आर्थिक परेशानियों के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए केवल एक सपना बनकर रह गया था। बारिश के मौसम में टपकती छत और असुरक्षित वातावरण में परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
भगवती ने बताया कि सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में जब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा। भगवती गंधर्व ने कहा कि पहले उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी कठिनाई होती थी, लेकिन अब समाधान शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे गांव तक पहुंच रहा है। यह आवास उनके परिवार के लिए नई जिंदगी की शुरुआत है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।


