कल कार्यक्रम में विदर्भ के दो कार्टूनिस्ट बनायेंगे लाइव कार्टून और लगेगी कार्टून प्रदर्शनी
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा विश्व कार्टूनिस्ट दिवस, 5 मई 2026 के अवसर पर लाइव कैरिकेचर मेकिंग का आयोजन रखा गया है। 5 मई को शाम 5 बजकर 55 मिनट पर यह कार्यक्रम रायपुर सिविल लाइंस में नए सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया जाएगा।
कार्टून वॉच पत्रिका के संपादक त्रयंबक शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि हर साल की तरह इस साल भी यह कार्यक्रम संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन सामाजिक संस्था कैक्टस के साथ मिलकर किया जा रहा है।
इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर की कार्टून प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बस्तर पर्यटन को विदेश यात्रा से अच्छा विकल्प बताया। इस वर्ष की प्रतियोगिता का विषय था:
“युद्ध के समय विदेशी यात्रा छोड़ें- बस्तर आइए, जहां शांति और हरियाली है।”
इस विषय ने प्रतिभागियों को शांति, घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने तथा वैश्विक परिस्थितियों पर रचनात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
चुनौतीपूर्ण विषय के बावजूद प्रतियोगिता में देशभर से उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। प्रतिभागियों की कृतियों में मौलिकता, गहराई और सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुए, जिससे यह सिद्ध होता है कि कार्टूनिंग आज भी एक प्रभावी अभिव्यक्ति माध्यम है।
कार्टून प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार हैं – प्रथम पुरस्कार (₹10,000/- संयुक्त): मृत्युंजय (हैदराबाद) एवं रघुपति श्रींगेरी (बेंगलुरु)
द्वितीय पुरस्कार (₹7,000/- संयुक्त): बिबेक सेनगुप्ता (बेंगलुरु) एवं अनूप राधाकृष्णन (केरल)
तृतीय पुरस्कार (₹5,000/- संयुक्त): मोहन कुमार (हैदराबाद) एवं शैलेश (कर्नाटक)
20 विशेष पुरस्कार (₹1,000/- प्रत्येक ) : आशा सोनी (रायपुर), बीनू (देहरादून), विनय चानेकर, देबाशीष (ओडिशा), हरि (विशाखापट्टनम), जयराज (एर्नाकुलम), कल्लोल मजूमदार (कोलकाता), मधूस (केरल), महेश मालदेव (कर्नाटक), एन. हरि (आंध्र प्रदेश), नागीशेट्टी (विजयवाड़ा), नूकापाठी (हैदराबाद), राकेश रंजन (दिल्ली), राम शेषु (नेल्लोर), शीतल साहू (राजनांदगांव), एस. वी. रमना अरुण (हैदराबाद), उज्ज्वल साहू (भिलाई), वल्लूरी (हैदराबाद), वरा प्रसाद (हैदराबाद), वडडेपल्ली एवं वेंकटेश (तेलंगाना)।
श्री शर्मा ने आगे बताया कि चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी भी इस अवसर पर लगाई जाएगी.
कार्यक्रम के अंतर्गत नागपुर के प्रसिद्ध कलाकार संजय मोरे और उमेश चारोले द्वारा लाइव कार्टूनिंग डेमोंस्ट्रेशन तथा डिजिटल युग में कार्टूनिंग के भविष्य पर सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा।
कार्टूनिस्ट दिवस पर समाज में कुछ अलग और रचनात्मक कार्य करने वाले कुछ व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा। इस सम्मान का नाम ही “ आउट ऑफ़ द बॉक्स “ अवार्ड रखा गया है।
इसी श्रृंखला में 6 मई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला पंजीकृत छात्रों के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित की गई है।


