खबर वर्ल्ड न्यूज-दुर्ग। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई 01 मई 2026 को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास कुछ व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टा (हेरोइन) का सेवन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,69,440 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों से 65,000 रुपये नकद और 06 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1,50,000 रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जप्त मशरूका की कीमत करीब 3,84,400 रुपये बताई गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों का संग्रहण और विक्रय कर रहा था। मौके से एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर जैसी सामग्री भी बरामद हुई है, जो नशे के सेवन और वितरण से जुड़ी गतिविधियों की ओर इशारा करती है। गिरफ्तार आरोपियों में हरजिंदर सिंह (23 वर्ष, न्यू खुर्सीपार भिलाई), मोन्टी अरोरा (32 वर्ष, हाउसिंग बोर्ड जामुल), सूरज कुमार लोहार (31 वर्ष, राजनांदगांव), नवजोत सिंह (26 वर्ष, सेक्टर-4 भिलाई) और ईशा कौर (23 वर्ष, केम्प-1 भिलाई) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 57/2026 दर्ज कर लिया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। इसके साथ ही प्रकरण में संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से दूर रखने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगेगी।
Trending
- सचिव की कलेक्टरों को दो टूक : अवैध रेत खनन पर सख्ती से हो कार्रवाई, लापरवाही पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार
- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट: 74 वर्षों के सामूहिक अनुभव के साथ दो पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त, कमिश्नर ने दी भावभीनी विदाई
- दुर्ग पुलिस का ‘ऑपरेशन विश्वास’: हेरोइन तस्करी के संगठित नेटवर्क का खात्मा, 5 गिरफ्तार
- हर बूंद से अधिक उत्पादन की दिशा में बड़ा कदम: बगिया समृद्धि एम-कैड योजना से 13 गांवों के 4933 हेक्टेयर में होगी सिंचाई- मुख्यमंत्री साय
- विश्व मजदूर दिवस पर मेडिकल टीम लोरमी की सराहनीय पहल; उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी कराया स्वास्थ्य परीक्षण
- मुख्यमंत्री को 10 मई को मुंगेली आमंत्रित करने पहुँचे विधायक मोहले एवं केंद्रीय राज्य मंत्री साहू
- मुंगेली की बेटी का प्रदेश में परचम: नंदिता देवांगन ने 10वीं बोर्ड में हासिल किया दूसरा स्थान, विधायक मोहले ने दी बधाई
- आम खिलाने का बहाना बनाकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार


