*तेलीबांधा के देवार डेरा में विवाद के बाद बढ़ा तनाव, फरार आरोपी की तलाश जारी*
KWNS – व्यास पाठक , रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बावजूद अपराधों पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां गांजा बिक्री को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग को चाकू दिखाकर धमकाने की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना देर शाम तेलीबांधा इलाके के देवार डेरा में हुई। क्षेत्र में कथित तौर पर चल रही गांजा बिक्री का कुछ स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। इसी सिलसिले में कुछ लोग समझाइश देने पहुंचे थे, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांजा बेचने से मना करने पर आरोपियों ने करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग लाफसिंह को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की। हालांकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इस मामले को प्रमुखता से सामने आने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। वहीं, बुजुर्ग का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवार डेरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। यहां नशे का कारोबार, विवाद और आपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


