खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह फर्जी मैट्रिमोनियल एजेंट बनकर ‘मैरिज ब्यूरो’ के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ रहा था। पुलिस ने सरकंडा थाना क्षेत्र में संचालित एक कॉल सेंटर पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला म्यूल बैंक खातों की जांच के दौरान सामने आया। जांच में पता चला कि कई बैंक खातों का उपयोग उनके असली खाताधारकों द्वारा नहीं, बल्कि अन्य लोगों द्वारा किया जा रहा था। इन खातों में “मैरिज ब्यूरो” के नाम पर रकम जमा हो रही थी, जिससे ठगी की आशंका गहराई।
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि ACCU की टीम को पहले से म्यूल खातों के जरिए हो रही ठगी की जानकारी मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने सरकंडा और कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित संदिग्ध कॉल सेंटरों पर नजर रखी। जानकारी पुख्ता होने के बाद पुलिस ने छापेमारी की, जहां एक संगठित नेटवर्क सक्रिय मिला। जांच में सामने आया कि गिरोह कॉल सेंटर बनाकर शादी के इच्छुक लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी पहले ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें विवाह के लिए उपयुक्त प्रोफाइल उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। इसके बाद उनसे रजिस्ट्रेशन या प्रोफाइल दिखाने के नाम पर रकम जमा कराई जाती थी।
ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए गिरोह के सदस्य फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे और फोन पर बातचीत कराकर भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश करते थे। जब पीड़ित पूरी तरह भरोसा कर लेता, तब उससे पैसे वसूल लिए जाते और बाद में संपर्क तोड़ दिया जाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब बिहार निवासी एक युवक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। युवक ने बताया कि उसे शादी के लिए लड़की का प्रोफाइल दिखाने का झांसा देकर 10 हजार रुपए जमा कराए गए, लेकिन पैसे लेने के बाद उसे कोई जानकारी नहीं दी गई। इस शिकायत के आधार पर म्यूल खातों की जांच शुरू हुई, जो आगे चलकर पूरे गिरोह तक पहुंची।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर से 10 कंप्यूटर सेटअप, 70 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन फर्जी खातों के जरिए लाखों रुपए का लेन-देन किया गया था। इस मामले में पुलिस ने चांटीडीह निवासी फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास (40), नवागढ़ सैदा (जांजगीर-चांपा) निवासी महारथी साहु (31), चांटीडीह निवासी तरुणा उर्फ सोनू खरे (40) और खमतराई अशोक नगर निवासी नीरा बाथम (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या एजेंटों के झांसे में आने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Trending
- महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष की है हठधर्मिता नारी सम्मान के साथ विश्वासघात- जिला महामंत्री पुष्पा सिन्हा
- पंडरी मॉल में ‘सुरक्षा’ ही ले उड़ी कार; वैलेट ड्राइवर Innova लेकर रफूचक्कर
- मुख्यमंत्री साय ने सुना पीएम मोदी का संबोधन: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को बताया महिला सशक्तिकरण का नया युग
- मंत्री लखन लाल के मुख्य आतिथ्य में गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र का हुआ भूमिपूजन
- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
- पत्रकार गोवर्धन सिन्हा के खिलाफ फर्जी शिकायत मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग
- देवखोल के जंगलों में अवैध कोयला खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 6 टन कोयला जब्त, सुरंगें ध्वस्त
- बर्थडे पार्टी में मासूम से दरिंदगी; 16 वर्षीय किशोर ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने भेजा बाल संप्रेक्षण गृह


