संघ परिवार ने किया सम्मान
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब भैरमगढ़ निवासी अंकित सकनी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (यूपीएससी) में सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया। वे बीजापुर जिले के पहले ऐसे छात्र बने हैं जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है।इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार के सदस्यों ने उनके गृह निवास भैरमगढ़ पहुंचकर उनका भव्य अभिनंदन किया।
इस दौरान संघ परिवार ने नव चयनित अधिकारी अंकित सकनी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आरएसएस के विभाग प्रचारक महेंद्र नायक कहा कि अंकित सकनी की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे बीजापुर के लिए गर्व की बात है।संघ के सदस्यों ने उनके परिवारजनों को भी बधाई देते हुए उनके सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही अंकित सकनी को नई जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया तथा संघ से निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर आरएसएस के जिला संघचालक रवि शंकर शुक्ला, जिला सहसंघचालक भूपति नक्का, जिला कार्यवाहक संतोष गोरला, जिला सहकार्यवाह नरेश फूलमाद्री एवं जिला शारीरिक प्रमुख राकेश पुजारी सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


