*सहायक शिक्षकों के तृतीय क्रमोन्नत वेतनमान एवं प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना पर गंभीर विमर्श।*
KWNS – रायपुर l छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. संजय ठाकुर एवं प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर के नेतृत्व तथा डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, जिलाध्यक्ष जांजगीर-चांपा की उपस्थिति में आज माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम दिनांक 07.02.2026 को सौंपे गए ज्ञापन के संबंध में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री बृजेश बाजपेयी से आवश्यक प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान संघ की विभिन्न लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर द्वारा शिक्षक हित, शिक्षा हित एवं छात्र हित से जुड़े अनेक अहम मुद्दों को प्रमुखता से रखा। संघ द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों को तृतीय क्रमोन्नत वेतनमान प्रदान करना तथा सभी एल.पी.बी. संवर्ग के शिक्षकों की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से सुनिश्चित करना विशेष रूप से शामिल रहा, जिस पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त, संघ ने प्रांतीय कार्यालय हेतु रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने, छत्तीसगढ़ शिक्षा आयोग के पुनर्गठन एवं सक्रिय संचालन, भर्ती-पदोन्नति नियम 2025 के शीघ्र प्रकाशन, विद्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने, शिक्षा विभाग में लंबित पदोन्नतियों को पूर्ण करने, RMSA अंतर्गत समाप्त किए गए संस्कृत व्याख्याता सहित अन्य पदों के पुनर्जीवन, सहायक शिक्षक से ग्रंथपाल पद पर पदोन्नति/संविलियन हेतु स्पष्ट नियमावली जारी करने तथा राज्य अतिथि शिक्षक ‘विद्या मितान’ के नियमितीकरण/संविलयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भी प्रमुखता से रखा।
संघ प्रतिनिधियों ने मांगों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे शिक्षकों में व्याप्त असंतोष दूर होगा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक सुधार आएगा। इस पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री बृजेश बाजपेयी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उचित पहल करने का आश्वासन दिया।


