KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा पेपर लीक होने के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा को निरस्त करते हुए 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित करने की घोषणा की है।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को आयोजित हिंदी परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स पर प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल वायरल हो गए थे। इस मामले को लेकर NSUI ने गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने भी संकेत दिए हैं कि इस प्रकरण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


