KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ में राशन वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब लोगों को सरकारी उचित मूल्य की दुकानों पर घंटों लाइन में खड़े होने से राहत मिलेगी। राजधानी रायपुर में प्रदेश का पहला ‘ग्रेन एटीएम’ लगाने की तैयारी है, जिसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत शास्त्री मार्केट में स्थापित किया जाएगा।
अन्य राज्यों में सफल रहा मॉडल
इससे पहले बिहार, ओडिशा, हरियाणा और राजस्थान में ग्रेन एटीएम का सफल संचालन हो चुका है। वहां इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और उपभोक्ताओं को तेज व सुगम सेवा मिली है।
कैसे काम करेगी ‘अन्नपूर्णा’ मशीन
‘ग्रेन एटीएम’ मशीन बैंक एटीएम की तरह काम करेगी। लाभार्थी को राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा या आधार आधारित बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगाना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर पात्रता के अनुसार अनाज की मात्रा दिखाई देगी और मशीन से तय मात्रा में चावल या गेहूं सीधे थैले में निकल जाएगा। पूरी प्रक्रिया महज 30 से 45 सेकंड में पूरी हो जाएगी।
क्या होंगे फायदे
लंबी लाइनों से राहत
समय की बचत
सटीक नाप-तौल
पारदर्शी और डिजिटल प्रणाली
यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भविष्य में पूरे छत्तीसगढ़ में ग्रेन एटीएम की सुविधा शुरू की जा सकती है, जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और अधिक प्रभावी बन सकेगी।


