KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l पत्रकारों को तनावमुक्त और स्वस्थ रखने के उद्देश्य से रायपुर प्रेस क्लब ने एक अनूठी पहल करते हुए क्लब में विशेष जुंबा ट्रेनिंग सत्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक जुंबा टीम का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से क्लब के सदस्यों को प्रशिक्षण देगी।
इस टीम में संतोष कुमार साहू, अनीता कन्नौजिया और यास्मीन बांधे को शामिल किया गया है, जो अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से पत्रकारों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे।

जुंबा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 15 मार्च, रविवार को सुबह 6 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब की पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रहेगी, जिसमें अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा ‘भारतीय’, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु तथा संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े शामिल रहेंगे।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और महासचिव गौरव शर्मा ने बताया कि पत्रकारिता की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। जुंबा अभ्यास न केवल शरीर को सक्रिय रखता है बल्कि मानसिक तनाव को कम करने में भी मददगार है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से इस प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की है।


