KWNS – रायगढ़ l राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार आज 14 मार्च 2026 को रायगढ़ जिले में वर्ष की पहली नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री जितेन्द्र कुमार जैन ने जिला न्यायालय रायगढ़ के सभागार में माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिला न्यायालय रायगढ़ में कार्यरत महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और कार्यनिष्ठा के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश ने महिलाओं की कार्यक्षमता, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रायगढ़, जिला न्यायालय के अन्य न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के अध्यक्ष सहित अधिवक्तागण, बैंक व विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, राजीनामा के लिए उपस्थित पक्षकार, न्यायालयीन कर्मचारी तथा पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।
नेशनल लोक अदालत के लिए जिला एवं तहसील न्यायालयों में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, बैंक वसूली, आपराधिक मामले, विद्युत प्रकरण, श्रम विवाद, पारिवारिक विवाद, चेक अनादरण, सिविल प्रकरण, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 तथा यातायात उल्लंघन जैसे राजीनामा योग्य मामलों को शामिल किया गया।
जिला मुख्यालय रायगढ़ के साथ-साथ तहसील सारंगढ़, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, खरसिया, भटगांव और बिलाईगढ़ के न्यायालयों तथा परिवार न्यायालय, श्रम न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड में मिलाकर कुल 29 खंडपीठों का गठन किया गया। इसके अतिरिक्त रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के राजस्व न्यायालयों में भी खंडपीठों का गठन किया गया।
इन खंडपीठों में 7894 लंबित प्रकरण एवं 7,59,078 प्रीलिटिगेशन प्रकरण सहित कुल 7,66,972 मामलों को राजीनामा के आधार पर निराकरण के लिए लोक अदालत में रखा गया।


