KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। गैस सिलेंडरों के लिए एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी कतारों और लोगों में मची अफरा-तफरी के बीच छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्थिति पर सफाई दी है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में गैस और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर अनावश्यक घबराहट पैदा कर रहे हैं। उन्होंने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। गैस की किल्लत की झूठी खबरें फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति गैस की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा गया, तो उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
अफीम की खेती और कांग्रेस के विधानसभा घेराव को लेकर साव ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुई थी और उसी के संरक्षण में नशे का कारोबार बढ़ा। उन्होंने कहा कि मुखबिर की सूचना पर सरकार ने कार्रवाई की है, जो बताता है कि राज्य सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में सर्वे के आदेश दिए हैं और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां कड़ी कार्रवाई होगी।
गौधाम योजना पर भी दी जानकारी
प्रदेश में शुरू होने वाली गौधाम योजना को लेकर साव ने कहा कि पिछली सरकार ने गौठान के नाम पर जनता का पैसा लूटा। उन्होंने बताया कि राज्य में 1460 गौधाम बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 26 को मंजूरी मिल चुकी है। योजना के तहत चरवाहों को मानदेय देने से लेकर पशुओं के चारे तक की व्यवस्था की जाएगी। इसे राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण और बदलाव लाने वाली योजना बताया गया है।


