KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। शहर में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच डीलर्स एसोसिएशन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि रायपुर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। एसोसिएशन के अनुसार होली के कारण वितरण में थोड़ी देरी हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों के कारण पैनिक न हों।
इधर, मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी प्रदेश में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य में रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग करने और आपूर्ति व्यवस्था पर सतत नजर रखने को कहा गया है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही रसोई गैस की बुकिंग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है


