KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन प्रश्नकाल के दौरान कांकेर जिले के जर्जर पुल-पुलियों का मुद्दा सदन में गूंजा। भाजपा विधायक विक्रम उसेंडी ने कांकेर जिले में खराब और संकरे पुल-पुलियों की मरम्मत को लेकर सरकार से सवाल किया। इस पर आसंदी ने काम नहीं कर पा रहे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की बात कही।
प्रश्नकाल में विधायक विक्रम उसेंडी ने कांकेर जिले के अंतर्गत जर्जर पुल-पुलियों के निर्माण की स्वीकृति और मरम्मत को लेकर सरकार से पूछा कि इनका निर्माण कब तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई पुलिया काफी संकरी हैं, कई जगहों पर रेलिंग भी नहीं है और कई पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इन पुल-पुलियों की वजह से अब तक दुर्घटनाएं हुई हैं और सरकार ने इसके लिए क्या व्यवस्था की है।
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जवाब देते हुए कहा कि कांकेर जिले से भानुप्रतापपुर और पखांजूर की ओर जाने वाली सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने स्वीकार किया कि इस मार्ग पर पुल-पुलियों का काम अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार के काम छोड़कर चले जाने के कारण निर्माण अधूरा रह गया। उन्होंने बताया कि कुल 134 पुल-पुलियों में से 114 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य अनुबंधक द्वारा नहीं किया गया और मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में लंबित है।
अरुण साव ने आगे बताया कि 11 पुल-पुलिए संकरे हैं, जिन्हें सुधारने के लिए विभाग द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सड़कों की स्वीकृति के लिए क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र भी भेजा गया है और बजट में भी इस कार्य को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि एक पुल का निर्माण अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि अन्य कार्यों को भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान विधायक उमेश पटेल ने सवाल उठाया कि क्या अभी तक इन पुल-पुलियों के कारण कोई दुर्घटना नहीं हुई है। इस पर मंत्री ने कहा कि दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, लेकिन विभाग लगातार काम कर रहा है और अब तक ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
हालांकि विधायक ने इसका विरोध करते हुए कहा कि संबंधित सड़क 77/2 पर अब तक पांच दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने 30 अप्रैल, 11 नवंबर और दिसंबर सहित कई तिथियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से गलत जानकारी दी जा रही है।
इस पर आसंदी ने विधायक से कहा कि वे संबंधित दुर्घटनाओं की जानकारी पटल पर उपलब्ध कराएं। साथ ही आसंदी ने निर्देश दिया कि जो ठेकेदार कार्य पूरा नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए।
मंत्री अरुण साव ने कहा कि थाने से दुर्घटना की कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन विधायक की बात को स्वीकार करते हुए विभाग मामले की जांच करेगा और सड़क व पुल-पुलियों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।


