खबर वर्ल्ड न्यूज-भिलाई। दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 14 लाख अफीम के पौधों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार इस अवैध खेती की कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी गई है। इस पूरे मामले का खुलासा होली से एक दिन पहले 3 मार्च को हुआ। कुछ बच्चे खेत के पास पहुंचे थे, जहां उन्होंने संदिग्ध पौधों को देखकर मोबाइल से उनकी तस्वीरें ले लीं। बाद में उन्होंने यह फोटो गांव के लोगों को दिखाई। ग्रामीणों ने गूगल के माध्यम से पौधों की जांच की, जिससे यह पुष्टि हुई कि ये अफीम के पौधे हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रशासन और पुलिस से की, जिसके बाद कार्रवाई शुरू की गई।
इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अचला दास फरार बताया जा रहा है। रविवार को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर इस अवैध खेती से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों के अनुसार जिन खेतों में यह अवैध खेती की जा रही थी, सरकारी रिकॉर्ड में वहां मक्का (भुट्टा) की खेती दर्ज थी। लेकिन मौके पर मक्का के पौधों के बीच अफीम उगाई गई थी। इसके अलावा खेतों में बड़ी मात्रा में गाजर घास भी लगाई गई थी, ताकि दूर से देखने पर अफीम की खेती का पता न चल सके। इस तरह खेती को छिपाने की कोशिश की गई थी।
कार्रवाई के दौरान शुरुआत में पुलिस जवानों ने अफीम के पौधों को हाथों से उखाड़ने का प्रयास किया, लेकिन पौधों की संख्या ज्यादा होने के कारण यह काम मुश्किल हो गया। इसके बाद प्रशासन ने करीब 50 महिला श्रमिकों को बुलाया, जिन्होंने खेतों में जाकर पौधों को उखाड़ना शुरू किया। बाद में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से पूरे खेत को साफ कर पौधों को पूरी तरह नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासन को आशंका है कि आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी अवैध अफीम की खेती हो सकती है। इसे देखते हुए ड्रोन की मदद से खेतों का सघन सर्वे किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Trending
- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फ्रेंचाइजीस और टीमों का ऐलान, सभी टीमों की जर्सी लॉन्च
- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, परिसर में अत्याधुनिक बायोसेफ्टी प्रयोगशाला स्थापित
- भाजपा के वरिष्ठ नेता छगन लाल मुंदड़ा ने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शौदान सिंह से की सौजन्य मुलाकात
- अबूझमाड़ के दुर्गम अंचल में ‘सौर क्रांति’: सोलर ड्यूल पंप से 371 गांवों तक पहुँच रहा स्वच्छ पेयजल
- नारायणपुर के रैनू राम की स्वावलंबन गाथा, दो गायों से शुरू हुआ सफर, अब डेयरी व्यवसाय से हर महीने कमा रहे पच्चीस हजार रुपये
- उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 78.51 लाख रुपए के दो सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
- मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से वनदेवी की जिंदगी को मिले नए पंख, अब आसान होगी आवागमन की राह
- सेवा की कहानी: बरसात में टपकती छत से मिली मुक्ति, पीएम जनमन आवास से संगीता पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार


