KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसी प्रकार महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में महतारी जतन योजना और आंगनबाड़ी सेवाओं के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत किया जा रहा है। वहीं पोषण और शिक्षा से जुड़ी योजनाएं महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित कर रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने कहा कि इन योजनाओं के प्रभाव से आज छत्तीसगढ़ की महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, सामाजिक नेतृत्व और विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की आधारशिला होती है।


