KWNS – दुर्ग। छत्तीसगढ़ की राजनीति में अवैध अफीम की खेती को लेकर बड़ा हड़कंप मच गया है। अपने खेत में बड़े पैमाने पर अफीम उगाने के आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार पर भारतीय जनता पार्टी ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है।
विनायक ताम्रकार भाजपा के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक के पद पर कार्यरत थे। मामले के सामने आने के बाद पार्टी ने तत्काल प्रभाव से यह कदम उठाया है।
मक्के की फसल के बीच छिपाकर लगाई थी अफीम
दुर्ग पुलिस ने शिवनाथ नदी पार स्थित समोदा गांव में विनायक ताम्रकार के खेत में छापेमारी की। जांच के दौरान करीब 9 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक अफीम के पौधों को बेहद शातिर तरीके से मक्के की फसल के बीच लगाया गया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
छापेमारी के बाद पुलिस ने विनायक ताम्रकार को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



