KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और कुशल नेतृत्व के लिए रायपुर के प्रसिद्ध गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रायपुर ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सोलंकी को ‘सर्वश्रेष्ठ लोकल ब्रांच प्रेसिडेंट’ के सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह सम्मान उन्हें आगामी 7 मार्च को आयोजित IMA कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों प्रदान किया जाएगा। इस उपलब्धि को लेकर चिकित्सा जगत में खुशी और गौरव का माहौल है।
IMA छत्तीसगढ़ ने किया चयन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) छत्तीसगढ़ इकाई ने डॉ. सोलंकी का चयन उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए किया है। पेट, लिवर और आंतों की बीमारियों के विशेषज्ञ डॉ. सोलंकी ने रायपुर शाखा के अध्यक्ष के रूप में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कई महत्वपूर्ण पहलें कीं शुरू
डॉ. सोलंकी के नेतृत्व में चिकित्सा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक किए गए। उनके प्रमुख कार्यों में IMA ग्रैंड मैराथन के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, IMA क्रिकेट लीग के जरिए चिकित्सकों के बीच खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देना, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का संचालन शामिल है।
इसके अलावा उनके प्रयासों से IMA रायपुर के भूमि पूजन और भवन निर्माण कार्य की शुरुआत भी करवाई गई। साथ ही उन्होंने प्रदेश में सबसे अधिक नए IMA सदस्य जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
डॉ. कुलदीप सोलंकी को आधुनिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में उनकी विशेषज्ञता और चिकित्सा सेवाओं के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है। इस सम्मान की घोषणा के बाद चिकित्सकों और उनके शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है।


