खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। जिला मुख्यालय के आड़ावाल स्थित लाइवलीहुड कॉलेज में उम्मीदों की एक नई सुबह देखी गई, जब अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज पिंगुआ और कलेक्टर आकाश छिकारा ने वहां प्रशिक्षण ले रहे युवाओं के बीच पहुंचकर उनके सुनहरे भविष्य की नींव को और मजबूती दी। यह भ्रमण महज एक निरीक्षण नहीं, बल्कि उन 28 आत्मसमर्पित युवाओं के हौसलों को सलाम करने का अवसर था, जिन्होंने बंदूक छोड़कर अब हाथों में वेल्डिंग मशीन और तकनीकी औजार थाम लिए हैं। लाइवलीहुड कॉलेज के गलियारों में भ्रमण करते हुए अधिकारियों ने देखा कि कैसे बीजापुर के ये युवा अपनी पुरानी पहचान पीछे छोड़, पसीने की बूंदों से स्वावलंबन की इबारत लिख रहे हैं।
संवाद के दौरान जब अपर मुख्य सचिव श्री पिंगुआ ने उनके अनुभवों के बारे में पूछा, तो युवाओं के चेहरों पर एक निश्चिंत मुस्कान बिखेर गई। वे अब न केवल वेल्डिंग की बारीकियां सीख रहे हैं, बल्कि उनके सपनों में अब खुद की दुकान और स्वरोजगार के रंग भरने लगे हैं। प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह के साथ साझा किया कि वे अब पूरी तरह तैयार हैं कि अपने गांव लौटकर स्वयं का व्यवसाय शुरू करें और समाज की मुख्यधारा में सिर उठाकर जिएं। उनके अनुशासित जीवन, खेलकूद और सीखने की ललक को देखकर अधिकारियों ने भी उनकी जमकर सराहना की। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री पिंगुआ ने इस बदलाव को ‘बस्तर की नई पहचान’ करार देते हुए कहा कि तकनीकी कौशल ही वह जादुई चाबी है, जो आत्मनिर्भरता के बंद दरवाजों को खोलती है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बाजार की मांग के अनुरूप उनका यह हुनर उन्हें कभी पीछे मुड़कर नहीं देखने देगा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और अपर कलेक्टर सीपी बघेल भी उपस्थित थे।
Trending
- छत्तीसगढ़ में सामूहिक विवाह बना सामाजिक एकता का उत्सव, मुख्यमंत्री ने 13 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
- यूथ फेस्ट-2026: सौरभ द्विवेदी का मंत्र—फिट रहें, पॉजिटिव सोचें, परिवार संग आगे बढ़ें
- नक्सल मुक्त कोंडागांव: अब ‘कैमफ्लाज’ के बजाय ‘खाकी’ में दिखेगी पुलिस, शांति की नई शुरुआत
- केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता: पेट्रोल पंप से नकदी और मोबाइल पार करने वाला शातिर चोर जगदलपुर से गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ का बरनवापारा अभयारण्य बना विलुप्ति के कगार पर पहुंचे काले हिरणों के पुनर्जीवन का मजबूत उदाहरण
- अवैध नशीली दवाइयों के 480 कैप्सूल के साथ 3 आराेपित गिरफ्तार
- साय सरकार की ‘कनेक्टिविटी क्रांति’: सिधमा के ग्रामीणों का बरसों का इंतजार खत्म, अब गाँव की दहलीज तक पहुँची बस
- बस्तर सांसद ने लेंड्रा बूथ में ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात


