खबर वर्ल्ड न्यूज-रामानुजगंज। होली का उल्लास उस वक्त मातम में बदल गया जब रामचंद्रपुर विकासखंड क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर साल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे लावा रोड पर ग्लेंजा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े साल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार प्रेम यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम चाकी, को सीने और सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कार में सवार अन्य चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में गणेश यादव (40 वर्ष), इंद्र यादव (35 वर्ष), चंद्रिका यादव (22 वर्ष) और पुष्पराज यादव उर्फ लाल बाबू (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी ग्राम चाकी के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक घायलों में तीन आपस में चचेरे भाई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज विशेषज्ञों की निगरानी में किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी युवक पड़ोसी गांव लावा में होली खेलने गए थे और वहां से अपने गांव चाकी लौट रहे थे। इसी दौरान लावा रोड पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। जिला पंचायत के पूर्व सभापति राजेश यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जसवंत सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव व्यास मुनि यादव सहित अन्य लोग घायलों का हालचाल जानने पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। होली के दिन हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। एक ओर जहां लोग रंगों का त्योहार मना रहे थे, वहीं ग्राम चाकी में मातम पसरा हुआ है।
Trending
- छत्तीसगढ़ में सामूहिक विवाह बना सामाजिक एकता का उत्सव, मुख्यमंत्री ने 13 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
- यूथ फेस्ट-2026: सौरभ द्विवेदी का मंत्र—फिट रहें, पॉजिटिव सोचें, परिवार संग आगे बढ़ें
- नक्सल मुक्त कोंडागांव: अब ‘कैमफ्लाज’ के बजाय ‘खाकी’ में दिखेगी पुलिस, शांति की नई शुरुआत
- केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता: पेट्रोल पंप से नकदी और मोबाइल पार करने वाला शातिर चोर जगदलपुर से गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ का बरनवापारा अभयारण्य बना विलुप्ति के कगार पर पहुंचे काले हिरणों के पुनर्जीवन का मजबूत उदाहरण
- अवैध नशीली दवाइयों के 480 कैप्सूल के साथ 3 आराेपित गिरफ्तार
- साय सरकार की ‘कनेक्टिविटी क्रांति’: सिधमा के ग्रामीणों का बरसों का इंतजार खत्म, अब गाँव की दहलीज तक पहुँची बस
- बस्तर सांसद ने लेंड्रा बूथ में ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात


