KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी में एक एमबीबीएस महिला डॉक्टर से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। शाम की सैर पर निकली डॉक्टर के गले से सोने की चेन झपटकर आरोपी फरार हो गया। घटना के करीब एक सप्ताह बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भांठागांव इलाके में वारदात
पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। डॉक्टर द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार 20 फरवरी की शाम लगभग 5 बजे वह टहलने निकली थीं। इसी दौरान भांठागांव क्षेत्र में वालफोर्ट सिटी रोड से विनायक सिटी जाने वाले मार्ग पर पहुंचीं, तभी एक अज्ञात बदमाश आया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
14.8 ग्राम की चेन, कीमत करीब 1.5 लाख
लूटी गई चेन का वजन लगभग 14.8 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के 8 दिन बाद डॉक्टर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी की तलाश में पुलिस
पीड़िता के अनुसार आरोपी दुबला-पतला, लंबा और सांवले रंग का था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


