KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में स्थित कलर्स मॉल के पास नकली गहने देकर एक प्राइवेट कंपनी कर्मचारी से ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एटीएम बूथ में हुई पहचान, फिर रची ठगी की साजिश
पीड़ित महेश कानस्कर ने पुलिस को बताया कि वह अवंति विहार इलाके का निवासी है और एक निजी कंपनी में काम करता है। 18 जनवरी को वह कलर्स मॉल स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान वहां एक युवक भी पैसे निकालने आया, लेकिन उसके खाते से रकम नहीं निकल रही थी। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम राजेश प्रजापति बताया।
आरोपी ने कहा कि उसकी बहन की शादी है और उसे तुरंत पैसे भेजने हैं, लेकिन खाते से रकम नहीं निकल रही। विश्वास जीतने के लिए उसने महेश से मदद मांगी और खुदाई में मिले सोने के गहने सस्ते में बेचने का प्रस्ताव रखा।
असली सैंपल दिखाकर फंसाया
आरोपी ने जांच के लिए गहनों का एक सैंपल दिया, जिसे महेश ने ज्वैलर से चेक कराया। सैंपल असली निकलने पर उसे भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी और उसकी मां ने कथित सोने-चांदी के गहने देकर महेश से 2.50 लाख रुपये नकद ले लिए।
बाद में निकले नकली गहने
गहने लेने के बाद जब महेश ने सराफा कारोबारी से जांच कराई तो सभी गहने नकली निकले। इसके बाद उसने आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। करीब 10 दिन बाद उसने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह ठगी सुनियोजित तरीके से अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।


