KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। अवैध हथियार रखने और उसकी खरीदी-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उरला क्षेत्र से एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है, जिससे संभावित गंभीर अपराध टल गया।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर नॉर्थ जोन के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को अवैध हथियार रखने वालों तथा उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया था। इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
इसी दौरान उरला थाना पुलिस को सूचना मिली कि बीरगांव के दुर्गानगर स्थित निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान — हिस्ट्रीशीटर बद्री
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री के रूप में हुई, जो उरला थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। जब उससे पिस्टल रखने के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आमीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए। उसके खिलाफ उरला थाना में अपराध क्रमांक 66/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दर्जनों मामलों में पहले भी रहा जेल में
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला थाना क्षेत्रों में मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है और उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
संभावित बड़ी घटना टली
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के पास अवैध हथियार होने से किसी बड़ी वारदात की आशंका थी, जिसे समय रहते कार्रवाई कर टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
मोहम्मद आमीर उर्फ बद्री (25 वर्ष)
पिता — मोहम्मद अशरफ
निवासी — दुर्गानगर, बीरगांव, थाना उरला, रायपुर


