KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत समता कॉलोनी में एमसीपी प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 NJ 8956 को रोका, जिसमें एक बड़ा थैला रखा हुआ था।
थैले की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगद रकम पाई गई। वाहन में सवार युवक ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन युवक किसी प्रकार का संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका और लगातार टीम को गुमराह करता रहा।
पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 75,00,000 रुपये (पचहत्तर लाख रुपये) नगद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया। मामले में थाना आजाद चौक में इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
घटना की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है, जहां से आगे की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई है।


