KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग छत्तीसगढ़ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश क्रमांक एफ-1-2/2004/23 के तहत गणेश शंकर मिश्रा को तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी सेवा शर्तें, वेतन एवं अन्य भत्तों संबंधी विस्तृत आदेश अलग से जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि मिश्रा का प्रशासनिक सेवा में लंबा और व्यापक अनुभव रहा है। वे राज्य शासन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं और नीति निर्माण तथा प्रशासनिक कार्यों में उनकी विशेषज्ञता मानी जाती है। सरकार को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ राज्य की विकास योजनाओं, नीति निर्धारण और सुशासन के प्रयासों में मिलेगा।



