KWNS – रायगढ़ l छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम नावापारा टेण्डा में हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई में दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मकान से सोने-चांदी के जेवर पार
23 फरवरी को ग्राम नावापारा टेण्डा निवासी मनीष महंत (22 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21-22 फरवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर आलमारी से एक नग सोने का फुली, एक जोड़ी चांदी का पायल और दो नग चांदी का बिछिया चोरी कर ले गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
राशन दुकान में भी सेंधमारी
इसी रात ग्राम में संचालित संजय महाराज राशन दुकान के संचालक संजय शर्मा (50 वर्ष) ने रिपोर्ट दी कि दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर साबुन, तेल, क्रीम, पेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू, फेसवॉश, सीएफएल बल्ब, टिफिन बॉक्स सहित लगभग 15,000 रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
इस पर अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
24 घंटे में खुलासा
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ओमप्रकाश ने चोरी की चांदी की पायल को बसीर कॉलोनी स्थित आर.जी. ज्वेलर्स के संचालक गौतम मंडल (40 वर्ष) को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने ज्वेलर्स गौतम मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।
शत-प्रतिशत बरामदगी
ओमप्रकाश से एक नग सोने का फुली और दो नग चांदी का बिछिया बरामद
विधि से संघर्षरत बालक से 1000 रुपये नगद बरामद
गौतम मंडल से एक जोड़ी चांदी का पायल बरामद
राशन दुकान से चोरी किया गया लगभग 15,000 रुपये का पूरा सामान जब्त
दोनों मामलों में कुल लगभग ₹45,100 की चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश अगरिया, गौतम मंडल और विधि से संघर्षरत बालक को सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


