KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब बिक्री को लेकर स्थिति एक बार फिर बदल गई है। राज्य सरकार ने अब होली पर शराब बिक्री की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आबकारी विभाग जल्द ही औपचारिक आदेश जारी करेगा।
दरअसल, नई आबकारी नीति में पहले तय सात ड्राई डे में से तीन दिन—होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी)—को हटाने का फैसला किया गया था। इसके बाद यह माना जा रहा था कि इन अवसरों पर शराब दुकानें खुली रहेंगी।
लेकिन अब सरकार ने अपना रुख बदलते हुए होली पर शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। यानी होली के दिन राज्यभर में सभी देशी और विदेशी शराब दुकानें बंद रहेंगी।
सूत्रों के अनुसार, सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का मानना है कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है।
आदेश जारी होने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। अन्य ड्राई डे पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लागू रहेंगे।


