KWNS – व्यास पाठक , रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 का अपना तीसरा बजट पेश किया। बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, औद्योगिक विकास और शहरी अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं का प्रावधान किया गया है। आने वाले वर्षों में इन योजनाओं का प्रभाव प्रदेश के समग्र विकास पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर के लिए नए फ्लाईओवर, कालीबाड़ी अस्पताल के विस्तार तथा प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज की स्थापना की घोषणा विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक नजर में बजट (2026–27)
₹1,72,000 करोड़ का अनुमानित बजट — संतुलित विजन के साथ सतत विकास पर फोकस
कुनकुरी, मनेंद्रगढ़ एवं दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन हेतु ₹50 करोड़
मुख्यमंत्री बस सेवा योजना के लिए ₹10 करोड़
बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक्स के लिए ₹22 करोड़
अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी निर्माण हेतु ₹100 करोड़
मैनपाट के पर्यटन विकास के लिए ₹5 करोड़
राज्य में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने हेतु ₹250 करोड़ — निवेश और रोजगार को बढ़ावा
विश्वविद्यालयों को अनुदान के लिए ₹731 करोड़
जल संसाधन विभाग के लिए ₹3,500 करोड़
लोक निर्माण विभाग (PWD) के लिए ₹9,450 करोड़
राज्य राजधानी क्षेत्र के विकास हेतु ₹68 करोड़
बजट को आत्मनिर्भरता, समृद्धि और समावेशी विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है। सरकार का दावा है कि यह बजट ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन और सामाजिक क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


