KWNS -संतोष पाठक, मुंगेली l भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली द्वारा “अटल परिसर” जिला भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के 149 कार्यकर्ताओं को संगठन की नवीन रणनीतियों, सोशल मीडिया प्रबंधन और प्रभावी जनसंपर्क कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण में प्रशिक्षण की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रशिक्षित एवं जागरूक कार्यकर्ता अनिवार्य हैं।
प्रथम सत्र: अंत्योदय की भावना पर बल
प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू रहे। उन्होंने कार्यकर्ता निर्माण और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत को रेखांकित करते हुए कोविड काल में भारत द्वारा अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराने को वैश्विक परिवार की भावना का उदाहरण बताया। साथ ही 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
द्वितीय सत्र: प्रशिक्षण की रूपरेखा और अनुशासन
द्वितीय सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने प्रशिक्षण की समय-सारणी, अनुशासन, कार्यपद्धति एवं पंजीयन से समापन तक की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन ही प्रशिक्षण की सफलता की कुंजी है।
तृतीय सत्र: पंच प्रबोधन पर व्याख्यान
तृतीय सत्र में बिलासपुर विभाग प्रचारक गणेश साहू ने ‘पंच प्रबोधन’ विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिवार में संवाद बढ़ाने, भेदभाव समाप्त करने, अधिकाधिक वृक्षारोपण और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
चतुर्थ सत्र: एआई और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग
चतुर्थ सत्र में सचिन गुप्ता ने एआई और सोशल मीडिया के प्रभावी एवं सकारात्मक उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने और उसकी सतत निगरानी के उपायों पर भी चर्चा की।
अंतिम सत्र: एकात्म मानववाद का संदेश
अंतिम सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं उनके “एकात्म मानववाद” सिद्धांत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना ही संगठन की आत्मा है और इसी विचारधारा पर पार्टी आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री गुरमीत सलूजा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर वर्मा ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद लखन लाल साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, शैलेष पाठक, जिला महामंत्री कैलाश ठाकुर, विनय साहू, वर्षा विक्रम सिंह, अंबालिका साहू, रजनी मानिक सोनवानी, नरेश पटेल, सुनील पाठक सहित मंडल अध्यक्षगण एवं जिले के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


