KWNS – कवर्धा। “जय गुरुदेव, जय जगन्नाथ महाप्रभु” के भक्तिमय उद्घोष के साथ 18 फरवरी 2026, बुधवार को आदित्यवाहिनी एवं आनन्दवाहिनी कवर्धा के तत्वावधान में शहर स्थित प्रसिद्ध राधा कृष्ण बड़े मन्दिर वृन्दावन धाम, कवर्धा में पूज्य गुरुदेव भगवान के उत्तम स्वास्थ्य एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए सवा घंटे का सामूहिक संकीर्तन एवं पाठ आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भक्तगण उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सभी ने एक स्वर में “हे अच्युत, हे अनंत, हे गोविन्द” का सवा घंटे तक अखंड संकीर्तन किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर गुरुदेव के स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करते रहे।

इस अवसर पर भक्तों ने भगवान से प्रार्थना की कि पूज्य गुरुदेव भगवान को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और शक्ति प्रदान करें, ताकि वे समाज एवं राष्ट्र के मार्गदर्शन का कार्य निरंतर करते रहें। संकीर्तन के पश्चात सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए आदित्यवाहिनी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष दुबे ने कहा कि एक शिष्य होने के नाते हम सभी का यह नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने पूज्य गुरुदेव भगवान के स्वास्थ्य के लिए निरंतर प्रार्थना करें। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों एवं इकाइयों से अपील की कि जहाँ-जहाँ संगठन सक्रिय है, वहाँ इस सप्ताह सामूहिक रूप से सवा घंटे का “हे अच्युत, हे अनंत, हे गोविन्द” पाठ प्रकल्प अवश्य चलाया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जो श्रद्धालु सामूहिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते, वे अपने दैनिक पूजा-पाठ में कम से कम एक माला “अच्युत, अनंत, गोविन्द” नाम का जप अवश्य करें। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और सामूहिक प्रार्थना का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा।

आयोजकों के अनुसार ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में आस्था, एकता और सकारात्मकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का समापन मंगलकामना के साथ हुआ और भक्तों ने गुरुदेव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।



