KWNS – राजनांदगांव। शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय, राजनांदगांव के एक प्रतिनिधि मंडल ने जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष मणि भास्कर गुप्ता के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की।
प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री से महाविद्यालय में प्रस्तावित वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने हेतु तिथि निर्धारित करने का आग्रह किया। इस संबंध में कॉलेज की ओर से लिखित आवेदन भी सौंपा गया तथा मौखिक रूप से कार्यक्रम की रूपरेखा और महत्व से अवगत कराया गया।
मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रतिनिधि मंडल की मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच शीघ्र ही उपयुक्त तिथि निर्धारित कर महाविद्यालय प्रशासन को सूचित करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार वार्षिक उत्सव एवं मेडल वितरण समारोह इसी माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं, ताकि तिथि घोषित होते ही आयोजन भव्य रूप से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष, महाविद्यालय की प्राचार्य, विभिन्न विभागों के प्राध्यापक तथा जनभागीदारी समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री से मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी उपस्थिति से समारोह की गरिमा और बढ़ेगी।


