KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। राजभवन द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रो. मनोज दयाल विश्वविद्यालय के अगले कुलपति होंगे। वे वर्तमान में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
स्थायी कुलपति की नियुक्ति से रायपुर स्थित इस एकमात्र पत्रकारिता विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों तथा लंबे समय से लंबित प्रशासनिक निर्णयों में तेजी आने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि प्रो. दयाल का अनुभव संस्थान के विकास और छात्रों के लिए नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कौन हैं प्रो. मनोज दयाल?
प्रो. मनोज दयाल देश के अकादमिक जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उनके पास अध्यापन और शोध का लगभग 35 वर्षों का अनुभव है तथा वे 15 वर्षों से अधिक समय से प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक एक दर्जन से अधिक शोधार्थी पीएचडी पूरी कर चुके हैं। जनसंचार और पत्रकारिता विषय पर उनकी कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।



