KWNS – अंबिकापुर। मां महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर में संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। नोडल अधिकारी के अनुसार विभिन्न रिक्त पदों के लिए जारी प्रारंभिक पात्र एवं अपात्र सूची पर 23 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त कुल 7 आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम रूप से पात्र अभ्यर्थियों की सूची तय कर दी गई है।
जारी जानकारी के अनुसार चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर के 1 पद के लिए 13 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं, जबकि अकाउंटेंट के 1 पद के लिए 6 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया गया है। वहीं असीस्टेंट ग्रेड-3 के 1 पद के लिए सर्वाधिक 149 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं, जिससे इस पद के लिए प्रतिस्पर्धा काफी अधिक होने की संभावना है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर और अकाउंटेंट पद के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन तथा साक्षात्कार 9 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे मां महामाया एयरपोर्ट कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र तथा संबंधित दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
वहीं असीस्टेंट ग्रेड-3 पद के लिए पात्र अभ्यर्थियों की कौशल परीक्षा 10 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे लाईवलीहुड कॉलेज परिसर में आयोजित होगी, जो शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास गांधी चौक, अंबिकापुर (सरगुजा) में स्थित है। इस परीक्षा में भी अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही शामिल होने दिया जाएगा।


