KWNS – व्यास पाठक , रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान में भागीदारी दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी देश छोड़कर वियतनाम भागने की तैयारी में था, लेकिन उसके खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के कारण एयरपोर्ट पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी समर्थ बरडिया ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि यश राजेश शाह नामक युवक ने स्वयं को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताकर उन्हें और उनके साथी मुकुल चोपड़ा को निवेश के लिए राजी किया। आरोपी ने भागीदारी का अनुबंध तैयार कर खनन से भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया और इस आधार पर कुल 1.90 करोड़ रुपये ले लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया में किसी भी प्रकार का वैध खनन अधिकार नहीं था और न ही अनुबंध में उल्लेखित खदानों के संचालन का अधिकार उसके पास था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत खुद को खदान मालिक बताकर धोखाधड़ी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी वियतनाम जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेजों की जांच के दौरान एलओसी अलर्ट मिलने पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोक लिया, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके पास से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी यश राजेश शाह (28 वर्ष) मुंबई के घाटकोपर पूर्व क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


