KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026 को रायपुर जिले के 48 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से सुबह 7 बजे और दोपहर 12 बजे किया जाएगा। गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए संबंधित अधिकारियों को परिवहन अधिकारी तथा उड़नदस्ता अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारी निर्धारित समय पर जिला कोषालय पहुंचकर सामग्री प्राप्त करेंगे और परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले संबंधित केंद्राध्यक्ष को सौंपना अनिवार्य होगा।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दल द्वारा सभी केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे के भीतर प्रत्येक केंद्र से परीक्षार्थियों की उपस्थिति और अनुपस्थिति की जानकारी कलेक्टर कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम (कक्ष क्रमांक 06) के दूरभाष क्रमांक 0771-2426212 पर अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी केंद्रों से गोपनीय सामग्री के सीलबंद पार्सल क्रमांक 1 से 5 तक केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में जिला कोषालय के डबल लॉक कक्ष में जमा कराए जाएंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


