KWNS – व्यास पाठक , रायपुर। वैलेंटाइन डे के अवसर पर राजधानी रायपुर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बजरंग दल और प्रेमी जोड़ों के बीच संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए शहर के प्रमुख उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजधानी के एक दर्जन से अधिक गार्डन और पार्कों में सुबह से ही पुलिस की विशेष निगरानी जारी है। विशेष रूप से गांधी उद्यान, ऊर्जा पार्क, अनुपम गार्डन, दलदल सिवनी गार्डन और कलेक्टरेट गार्डन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जवानों की तैनाती की गई है।
संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में फिक्स पिकेट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति बनने से पहले उसे नियंत्रित किया जा सके।
शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है। इसके लिए साइबर सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट सामने आते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच राजधानी में वैलेंटाइन डे शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा रहा है।


