KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत शहर की 18 प्रमुख सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का कड़ा निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में रोड इंजीनियरिंग में सुधार, चौक-चौराहों का पुनः डिज़ाइन और नए बायपास निर्माण के माध्यम से जाम की समस्या को जड़ से खत्म करने का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया।
यह निर्णय शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा, क्योंकि पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर और बूढ़ापारा जैसे क्षेत्रों में रोज़ाना लगने वाले लंबे जाम से लोगों को निजात मिल सकेगी। व्यवस्थित ट्रैफिक और चौड़ी सड़कों से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि राजधानी की व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में पंडरी कपड़ा बाजार के पीछे की बंद सड़क को खोलने पर सहमति बनी, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा। साथ ही कंकालीपारा से बूढ़ापारा और संतोषी नगर के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए विशेष फंड जारी किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे और नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि प्रमुख चौक-चौराहों की डिजाइन में तकनीकी बदलाव किए जाएंगे, ताकि वाहनों का आवागमन बिना रुके सुचारु रूप से चलता रहे।
अभियान के दौरान पुलिस और निगम की संयुक्त टीम द्वारा अवैध कब्जे हटाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर मौजूद बॉटलनेक को खत्म करना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है, ताकि भविष्य में जाम की समस्या स्थायी रूप से समाप्त की जा सके।


