KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण वीआईपी रोड पर शादी सीजन के दौरान लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी होटल या मैरिज पैलेस के बाहर मुख्य सड़क पर बारात निकालने या गाड़ियां पार्क करने की अनुमति नहीं होगी।
बता दें कि वीआईपी रोड एयरपोर्ट को शहर से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। शादी सीजन में यहां बारात और बेतरतीब पार्किंग के कारण अक्सर फ्लाइट छूटने जैसी स्थितियां निर्मित हो जाती हैं। इस सख्ती से आम जनता को राहत मिलेगी और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों का समय बचेगा।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने वीआईपी रोड के करीब 30 होटल और मैरिज पैलेस संचालकों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि बारात किसी भी स्थिति में कैंपस के बाहर नहीं निकलनी चाहिए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो केवल आयोजक ही नहीं बल्कि संबंधित होटल संचालक के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सतीश ठाकुर की उपस्थिति में हुई इस बैठक में बताया गया कि फरवरी से मई तक होने वाले समारोहों के कारण यातायात बाधित होता है। इसे रोकने के लिए पार्किंग की व्यवस्था होटल परिसर के भीतर ही सुनिश्चित करनी होगी। मुख्य मार्ग पर खड़ी गाड़ियों को तत्काल क्रेन से उठाने और भारी जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।


