KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक अतिथि शिक्षक को छत्तीसगढ़ बीज निगम में सचिव पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर उससे 5 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित को जब लंबे समय तक न तो नियुक्ति पत्र मिला और न ही रकम वापस हुई, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता सुमित महिलांगे (32), जो वर्तमान में शासकीय कृषि महाविद्यालय जगदलपुर में अतिथि शिक्षक हैं, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में नारायणपुर में पदस्थापना के दौरान उनकी मुलाकात राधा कश्यप और निशिकांत बेदालकर से हुई थी।
आरोपी राधा कश्यप ने खुद को बड़े अधिकारियों का करीबी बताते हुए दावा किया कि वह बीज निगम में सचिव बनवा सकती है, जिसके लिए 15 लाख रुपये लगेंगे। सुमित उनके झांसे में आ गया और पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये आरोपियों को सौंप दिए l
करीब डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तो सुमित ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोपियों ने लंबे समय तक कोई रिस्पॉन्स नहीं दिया। बार-बार दबाव बनाने पर आरोपियों ने 2 लाख रुपये तो लौटा दिए, लेकिन शेष 3 लाख रुपये देने से साफ इनकार कर दिया और बदसलूकी की।
इस मामले में तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


