KWNS – कबीरधाम। जिले में थाना पंडरिया के सामने महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित जैन श्वेतांबर मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मंदिर परिसर में रखी 3 दान पेटियों के ताले तोड़कर करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इस घटना की जानकारी मिलते ही जैन समाज ने पुलिस को सूचित किया। चोरी की इस वारदात को लेकर जैन समाज में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। समाज के लोगों का कहना है कि, जब पुलिस थाना के ठीक सामने स्थित मंदिर भी सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है।
इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्त पर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की जा रही है। वहीं फरसगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुछ सप्ताह पहले मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि, इस पूरी चोरी की साजिश का मास्टरमाइंड खुद टावर का इंजीनियर निकला। जिसने अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिलाया।


