फुल ड्रेस रिहर्सल की मुख्य अतिथि प्रेमलता पदमाकर ने ली परेड की सलामी
खबर वर्ल्ड न्यूज-आशीष कंठले-बेमेतरा। जिला बेमेतरा में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन 26 जनवरी को प्रातः बेसिक स्कूल मैदान में गरिमामय एवं भव्य रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
ध्वजारोहण के पश्चात सांसद बघेल प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदेशवासियों के नाम दिए गए संदेश का वाचन करेंगे। समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम, भव्य परेड तथा विभिन्न विभागों द्वारा विकास आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो जिले की उपलब्धियों और योजनाओं को दर्शाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। समारोह में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने संयुक्त रूप से परेड एवं समारोह की रिहर्सल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फुल ड्रेस रिहर्सल में डमी मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पदमाकर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर पुलिस एवं नगर सेना की टुकड़ियों द्वारा उन्हें परेड की सलामी दी गई।
जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियों, स्काउट-गाइड, एन.सी.सी. तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल में सभी टुकड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष भी स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा समारोह को लेकर सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला मुख्यालय बेमेतरा में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण करेंगे, इसके पश्चात परेड निरीक्षण एवं गार्ड ऑफ ऑनर लिया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी तथा विभिन्न विभागों द्वारा तैयार झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। पूरा समारोह लगभग एक घंटा पैंतालीस मिनट की अवधि का रहेगा।
शनिवार की देर शाम से ही जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों में रंगीन विद्युत झालरों से सजावट की गई है, जिससे पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। 26 जनवरी की रात्रि में सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को रोशन किया जाएगा।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बताया कि चूंकि जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह प्रातः 9.00 बजे से प्रारम्भ होगा, इसलिए सभी शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम सुबह 8.00 बजे से पूर्व सम्पन्न कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।


